अजय देवगन और अक्षय कुमार के बीच काफी लंबे वक्त तक तनातनी का दौर चला है लेकिन हाल में दोनों ही रोहित शेट्टी की फिल्म सिंबा में दिखाई दिए थे तो खबरें आई थीं कि दोनों फिर से दोस्त बन रहे हैं और अब इस पर मुहर लगती दिखाई दे रही है, साथ ही एक बहुत बड़ी खबर भी बनती दिखाई दे रही है।
अजय देवगन और अक्षय कुमार दोनों की एक नई तस्वीर सामने आई है जिसमें दोनों गलबहियां करते दिखाई दे रहे हैं और साथ में रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह भी हैं। अजय देवगन, अक्षय कुमार, रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह रविवार को मुंबई पुलिस के फंड रेजिंग कार्यक्रम उमंग 2019 में शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम में मुंबई की तमाम जानी-मानी सेलेब्रिटीज शामिल थीं।
अजय देवगन, अक्षय कुमार ये तस्वीर जिस अंदाज में है वह बताती है कि अब इन दोनों सुपरस्टार्स के बीच अब कोई गिला-शिकवा नहीं है। खास बात यह है कि अजय देवगन ने इस मौके की तस्वीर को शेयर किया है वहीं अक्षय कुमार ने इसका एक छोटा सा वीडियो शेयर किया है जिसमें ये सभी किक मारते दिखाई दे रहे हैं।
अजय देवगन ने तस्वीर के साथ लिखा है मुंबई पुलिस के लिए एकजुट वहीं अक्षय कुमार ने लिखा है- बाजीराव, सिम्बा और सूर्यवंशी अपने रचनाकार रोहित शेट्टी के साथ सीधे उमंग शो से आज की रात। इस तस्वीर में अजय देवगन और रोहित शेट्टी सामान्य ड्रेस में हैं जबकि अक्षय कुमार पुलिस ड्रेस में हैं और रणवीर टाइगर प्रिंट पहने हुए हैं जो उनके सिम्बा फिल्म के नाम से सूट करता है।


रोहित शेट्टी अजय देवगन के बहुत ही अच्छे दोस्त हैं और अजय को लेकर उन्होंने सिंघम और गोलमाल सीरीज की हिट फिल्में बनाई हैं। अक्षय को लेकर अब वह सूर्यवंशी बना रहे हैं, लेकिन इस तस्वीर से यह कयास भी लगाए जा रहे हैं कि कहीं यह रोहित शेट्टी की नई फिल्म सूर्यवंशी की पूरी स्टारकास्ट तो नहीं है, क्योंकि फिल्म सिम्बा के आखिर में अजय देवगन और अक्षय को फोन पर बात करते दिखाया गया था। सिम्बा रोहित शेट्टी की फिल्म है जिसमें रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं।
बहरहाल इसका खुलासा जल्दी ही हो ही जाएगा, अभी बड़ी बात यह है कि यह दोनों सुपर स्टार पुरानी बातों को भुला कर आगे बढ़ चुके हैं और यही होना भी चाहिए था। एक बात और पक्की है कि जब सिंघम, सिम्बा और वीर सूर्यवंशी तीनों ही एक फिल्म में होंगे और इस फिल्म को रोहित शेट्टी बनाएंगे तो बॉलीवुड को एक और ब्लॉबस्टर फिल्म तो मिलनी ही है।

Previous article50 से ज्यादा देशों में रिलीज होगी कंगना की फिल्म मणिकर्णिका, बॉक्स ऑफिस पर रच सकती है इतिहास
Next articleशानदार है फिल्म Total Dhamaal का पहला गाना पैसा ये पैसा