कार्तिक आर्यन और कृति सेनन स्टारर रोमांस-कॉमेडी फिल्म लुका छुपी और सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म सोनचिड़िया ने इस शुक्रवार को सिल्वर स्क्रीन पर दस्तक दी। इन दोनों फिल्मों को पिछले हफ्ते रिलीज हुई अजय देवगन की फिल्म टोटल धमाल से भी टक्कर मिली। आइए जानते हैं कि फिल्मों की कामयाबी की कसौटी कहे जाने वाले बॉक्स ऑफिस पर इन दोनों फिल्मों ने अपने पहले दिन कितना कलेक्शन किया।


सबसे पहले बात पहले बात लुका छुपी की। इस फिल्म ने अपने पहले दिन उम्मीद से बढ़कर प्रदर्शन किया और 8.01 करोड़ की ओपनिंग के साथ शानदार कलेक्शन किया। इतना ही नहीं लुका छुपी कार्तिक आर्यन के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग लेने वाली फिल्म बन गई है।


फिल्म लुका छुपी को देश में 2100 और ओवरसीज में 407 स्क्रीन्स रिलीज किया गया है। मध्यम बजट की इस फिल्म से 5-6 करोड़ के कलेक्शन की ही उम्मीद की जा रही थी, लेकिन कार्तिक आर्यन और कृति सेनन की यह फिल्म दर्शकों को ऐसी पसंद आई कि इसने सारे पूर्वानुमानों को पीछे छोड़ दिया। अभी तक कार्तिक की सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली फिल्म साल 2015 में आई प्यार का पंचनामा 2 थी जिसने अपने पहले दिन 6.80 करोड़ का कलेक्शन किया था। पिछले साल आई सुपरहिट फिल्म सोनू के टीटू की स्वीटी ने पहले दिन 6.42 करोड़ का कलेक्शन किया था।


फिल्म लुका छुपी का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया। इस फिल्म में लिव इन रिलेशन शिप को कॉमेडी के तड़के के साथ दिखाया गया है और जाहिर है इसमें निर्देशक सफल रहे हैं। इस फिल्म में कार्तिक आर्यन और कृति सेनन के अलावा पंकज त्रिपाठी, अपारशक्ति खुराना, विनय पाठक, अतुल श्रीवास्तव और अलका अमीन प्रमुख भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म के पहले वीकेंड में और अच्छा कलेक्शन करने की उम्मीद की जा रही है।


अब बात करें दूसरी फिल्म सोन चिड़िया की तो अभिषेक चौबे के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने क्रिटिक्स की तरफ से तारीफें तो खूब पाईं लेकिन बॉक्स-ऑफिस पर धमक नहीं दिखा सकी। इस फिल्म ने अपने पहले दिन 1.20 करोड़ का कलेक्शन किया। यह फिल्म चंबल के बीहड़ों पर आधारित है, वैसे कम कलेक्शन के पीछे एक वजह इसे बहुत कम स्क्रीन्स मिलना भी है, इसे भारत में सिर्फ 720 स्क्रींस पर ही रिलीज किया गया है।


इस फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत के अपोजिट भूमि पेडनेकर हैं और मनोज बाजपेयी, रणवीर शौरी, आशुतोष राणा जैसे नामी कलाकार भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। संभावना है कि वर्ड ऑफ माउथ का फायदा इस फिल्म को मिलेगा और धीमी रफ्तार से ही सही यह फिल्म अच्छा कलेक्शन कर पाने में कामयाब रहेगी।

Previous articleसौ करोड़ के क्लब में शामिल हुई टोटल धमाल, नौ दिनों में धाकड़ कमाई
Next articleटोटल धमाल ने दूसरे वीकेंड में की धमाकेदार वापसी, सौ करोड़ी क्लब में प्रवेश के साथ इतना हुआ कलेक्शन