अभी हम बात करेंगे बॉक्स ऑफिस पर चल रही चार फिल्मों हॉलीवुड की फिल्म द लायन किंग, बॉलीवुड की फिल्मों सुपर 30, कबीर सिंह और आर्टिकिल 15 के 22 जुलाई तक के कलेक्शन की, तो बने रहिए हमारे साथ

सबसे पहले बात हॉलीवुड की फिल्म द लॉयन किंग की क्योंकि बॉक्सऑफिस पर सबसे नई यानी लेटेस्ट रिलीज यही फिल्म है। बॉलीवुड के दिग्गज सितारे शाहरुख खान, उनके बेटे आर्यन खान, असरानी, अरशद वारसी, संजय मिश्रा और श्रेयस तलपड़े जैसे सितारों की आवाज से सजी यह फिल्म दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। इस फिल्म ने बीते 3 दिनों में बॉक्स ऑफिस पर कर लिया है 54.75 करोड़ का कलेक्शन।

द लॉयन किंग ने अपने ओपनिंग डे पर 11.06 करोड़ का कलेक्शन किया, इसके बाद शनिवार को 19.15 करोड़ का और फिर रविवार को 24.54 करोड़ का कलेक्शन किया। आज अपने चौथे दिन यानी सोमवार को भी इसका कलेक्शन 8 से 10 करोड़ के आसपास रहने की संभावना है, क्योंकि इस फिल्म की माउथ पब्लिसिटी काफी अच्छी हो रही है।

ऋतिक रोशन स्टारर फिल्म सुपर 30 ने सौ करोड़ी क्लब में एंट्री ले ली है। इस फिल्म ने बॉक्सऑफिस पर अपने दसवें दिन यानी रविवार को 11.68 करोड़ का कलेक्शन किया। इससे पहले शनिवार तक इस फिल्म ने 88.90 करोड़ का कलेक्शन किया था। इस तरह से इस फिल्म ने अपने दूसरे वीकेंड में कुल 100.58 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। आज इस फिल्म के 3 करोड़ के आसपास कलेक्शन कर सकने की संभावना है।

इस फिल्म का ओवरसीज कलेक्शन भी काफी शानदार है, अभी  इसके पहले हफ्ते के आंकड़े आए हैं और अपने एक हफ्ते में इस फिल्म ने विदेशों में 22.47 करोड़ का कलेक्शन किया है।

बात करें फिल्म कबीर सिंह की तो इस फिल्म का शानदार कलेक्शऩ अब भी जारी है। इस फिल्म ने चार हफ्तों और पांचवें वीकेंड को मिला कर अब तक 271.24 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। पांववें वीकेंड में रविवार को इस फिल्म ने 2.30 करोड़ का कलेक्शन किया। आज इस फिल्म का 32वां दिन है और आज इसका कलेक्शन एक करोड़ के आसपास रहने की संभावना है।

और अब बात फिल्म आर्टिकल 15 की तो धीरे-धीरे ही सही इस फिल्म ने भी काफी अच्छा कलेक्शन कर लिया है। रिलीज के 24वें दिन रविवार को इस फिल्म ने 1.05 करोड़ का कलेक्शन किया और इस तरह से इस फिल्म का तीन हफ्तों और चौथे वीकेंड को मिला कर इस फिल्म ने 63.05 करोड़ का टोटल नेट कलेक्शन कर लिया है।

Previous articleआम्रपाली और निरहुआ की फिल्म लल्लू की लैला की रिलीज डेट बदली
Next articleलव रंजन की फिल्म में अजय देवगन, रणबीर के साथ दीपिका पादुकोण और नुसरत भरूचा भी