इस शुक्रवार बॉक्स ऑफिस पर दो ऐसी फिल्में आईं, एक सन्नी देओल स्टारर फिल्म मोहल्ला अस्सी और दूसरी दो साल की एक बच्ची वाली फिल्म पीहू। आप यह जानकर हैरान होंगे कि सन्नी देओल पर यह छोटी सी बच्ची भारी पड़ गई है। जी हां विनोद कापड़ी की फिल्म पीहू की फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपने पहले दो दिन सन्नी देओल की फिल्म मोहल्ला अस्सी से ज्यादा का कलेक्शन किया।
फिल्म पीहू ने अपने पहले दिन 45 लाख का कलेक्शन किया। शनिवार के दिन इसके कलेक्शन का आंकड़ा थोड़ा आगे बढ़ा और इसने 50 लाख का कलेक्शन किया। इस तरह से इस फिल्म ने दो दिन में 95 लाख का कलेक्शन कर लिया है। तीसरे दिन यानी रविवार को इस फिल्म का कलेक्शन 60 से 70 लाख रहने का अनुमान है।
फिल्म पीहू में सिर्फ एक ही किरदार है और वह भी दो साल की एक बच्ची मायरा विश्वकर्मा। डेढ़ घंटे की यह फिल्म मायरा पर ही टिकी है, लेकिन पत्रकार से फिल्म निर्देशक बने विनोद कापड़ी ने इस फिल्म में ऐसा हुनर दिखाया है कि यह फिल्म अंत तक बांध कर रखती है। दो साल की बच्ची अकेली घर में बंद है और उसके साथ जो घटनाएं होती हैं वह रोंगटे खड़े कर देती हैं।
दूसरी फिल्म मोहल्ला अस्सी ने अपने पहले दिन यानी शुक्रवार को लगभग 25 लाख का कलेक्शन किया और दूसरे दिन भी लगभग इतना ही, यानी दो दिनों में इस फिल्म ने 50 लाख का कलेक्शन किया। इस फिल्म को चाणक्य सीरियल बनाने वाले डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने डायरेक्ट किया है। इस फिल्म में सन्नी देओल के अलावा साक्षी तंवर, रवि किशन, मुकेश तिवारी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म एक राजनीतिक व्यंग्य है और साहित्कार काशीनाथ सिंह के काशी का अस्सी नाम के उपन्यास पर आधारित है।

Previous articleठग्स ऑफ हिंदोस्तान को पहले रविवार को ही लगा बड़ा झटका
Next articleफिल्म बधाई हो का दो सौ करोड़ का कलेक्शन, कैसे जानिए यहां