अजय देवगन की फिल्म तानाजी द अनसंग वॉरियर आजकल काफी सुर्खियों में है। इस फिल्म के प्रोड्यूसर और लीड रोल निभा रहे अजय देवगन ने इस फिल्म से दूसरा गाना रिलीज किया है। यह गाना त्योहार के उत्सव का है और इस गाने में तानाजी मालुसरे के तौर पर अजय देवगन और उनकी पत्नी सावित्रीबाई मालुसरे का किरदार निभा रही काजोल के बीच गजब की केमेस्ट्री भी दिखी है। फिल्म तानाजी के इस दूसरे गाने के बोल हैं ‘माय भवानी’।
फिल्म तानाजी द अनसंग वॉरियर मराठा सैन्य सूबेदार तानाजी मालुसरे की कहानी है जिनके जीवन में मराठा संस्कृति अच्छी तरह से रची-बसी थी। माय भवानी गाने में आपको इसकी झलक मिलेगी। इस गाने में तानाजी अपने परिवार और पूरे गांव के साथ होली के मौके पर शिमगा त्योहार मनाते दिखेंगे। शिमगा भगवान के आगमन का प्रतीक है और पूरा गांव देवताओं की मूर्तियों को पालकी में अपने घर और मंदिरों में ले जाने के लिए इकट्ठा हो जाता है। तानाजी के रूप में अजय और सावित्रीबाई के रूप में काजोल इस पवित्र त्योहार को मनाने के लिए पूरे गांव के साथ दिखाई देते हैं।
इस गाने में काजोल अपने पति से प्रेम का इजहार करती हुई भी नजर आती है क्योंकि गाने की शुरुआत में वह उनकी गोद में जाकर बैठ जाती है | इसके बाद लोक संगीत पर नृत्य होता है। इस गीत में दिखाई देता है कि तानाजी ना केवल एक बहादुर योद्धा थे, बल्कि एक प्रेमपूर्ण पारिवारिक व्यक्ति भी थे।
इस गाने में काजोल पारंपरिक मराठी परिधान में दिखती हैं। वह खूबसूरत साड़ी, मंगलसूत्र, माथे पर बिंदी और महाराष्ट्रीयन नथ में बहुत लुभावनी लग रही हैं। इस गाने को अजय-अतुल ने कंपोज किया है और सुखविंदर सिंह और श्रेया घोषाल ने आवाज दी है।
यह फिल्म अगले महीने 10 जनवरी को रिलीज होने जा रही है। इससे पहले इस फिल्म से ट्रेलर और शंकरा गाना रिलीज हो चुके हैं जिन्हें दर्शकों ने काफी पसंद किया है। फ्रेंड्स, टीसीरीज के यूट्यूब चैनल पर रिलीज इस गाने को आपने भी देख लिया है तो कमेंट करके बताएं कि आपको यह कैसा लगा।