इस शुक्रवार बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुईं दो फिल्मों धर्मेंद्र, सन्नी देओल और बॉबी देओल स्टारर फिल्म यमला पगला दीवाना फिर से और राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर स्टारर फिल्म स्त्री में से दूसरी फिल्म स्त्री ने बाजी मार ली है। हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि फिल्म स्त्री ने यमला पगला दीवाना फिर से के मुकाबले चार गुने से भी ज्यादा कलेक्शन किया है।

राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर स्टारर फिल्म स्त्री ने अपने ओपनिंग डे पर 6.82 करोड़ का कलेक्शन किया है जबकि यमला पगला दीवाना फिर से अपने पहले दिन सिर्फ 1.50 करोड़ का ही कलेक्शन कर सकी। बॉक्सऑफिस पर आज स्त्री का दूसरा दिन है और समझा जा रहा है कि आज ये फिल्म और भी ज्यादा उछाल ले सकती है और 10 करोड़ का आंकड़ा पार कर सकती है।

फिल्म स्त्री एक हॉरर कॉमेडी फिल्म है और इसमें कॉमेडी-हॉरर की डोज अच्छे तरीके से दी गई है। इस फिल्म की कहानी एक छोटे शहर की है जहां एक डायन रात को आती है और रात को जो भी मर्द निकलता है उसे उठा ले जाती है। यह उन घरों में नहीं जाती जिनकी दीवार पर लिखा होता है ओ स्त्री कल आना।

फिल्म स्त्री का निर्देशन अमर कौशिक ने किया है और उन्होंने एक कसी हुई और बांधे रखने वाली फिल्म बनाई है। फिल्म सही मायने में आपको हंसाती भी है और डराती भी है। इसके साथ ही यह इस बात की भी सीख देती है कि महिलाओं की इज्जत करना सीखें,  उनका सम्मान नहीं किया तो आपको अपमान सहना पड़ सकता है। इस फिल्म को क्रिटिक्स की तरफ से भी काफी सराहना मिली है और आगे भी बॉक्सऑफिस पर इसके काफी अच्छा करने की संभावना है।

Previous articleयमला पगला दीवाना फिर से फिल्म का ओपनिंग डे कलेक्शन इतना रहा
Next articleफिल्म स्त्री ने दूसरे दिन किया जबरदस्त प्रदर्शन, अब तक इतने करोड़ का कलेक्शन