रिलीज के दूसरे दिन ही अक्षय कुमार की फिल्म गोल्ड और जॉन अब्राहम की फिल्म सत्यमेव जयते के कलेक्शन में भारी गिरावट आई लेकिन तीसरे दिन इन दोनों ही फिल्मों ने अपना प्रदर्शन सुधारा है। बॉक्सऑफिस पर फिल्म गोल्ड की चमक ज्यादा बढ़ी है और तीसरे दिन इस फिल्म ने सत्यमेव जयते के मुकाबले ज्यादा ग्रोथ हासिल की।

अक्षय कुमार और मौनी रॉय स्टारर फिल्म गोल्ड ने बॉक्सऑफिस पर रिलीज के अपने तीसरे दिन 25 फीसदी की ग्रोथ हासिल की और इसने 10 करोड़ का कलेक्शन किया। स्वतंत्रता दिवस पर रिलीज होने वाली इस फिल्म ने पहले दिन 25.25 करोड़ की शानदार ओपनिंग ली थी लेकिन रिलीज के दूसरे दिन कामकाजी दिन होने से इसका कलेक्शन 8 करोड़ पर आ गया था।

अब तीसरे दिन सुधार के बाद पहले वीकेंड में इसका कलेक्शन और अच्छा होने की संभावना है। शनिवार और रविवार को  यह फिल्म 15 करोड़ के आसपास कलेक्शन कर सकती है। तीन दिन में इस फिल्म का कलेक्शन 43 करोड़ हो चुका है और अपने पहले वीकेंड में इसका टोटल कलेक्शन 70 करोड़ के पार जाता दिख रहा है।

जॉन अब्राहम की सत्यमेव जयते के कलेक्शन में रिलीज के तीसरे दिन बहुत ही मामूली सुधार दिखाई दिया। 20.52 करोड़ की ओपनिंग लेने वाली इस फिल्म का कलेक्शन रिलीज के दूसरे दिन जहां 7.92 करोड़ रहा वहीं तीसरे दिन शुक्रवार को इसने 8 करोड़ का कलेक्शन किया।

इस तरह से इस फिल्म का तीन दिन का कलेक्शन 36.44 करोड़ हो चुका है और वीकेंड पर यानी शनिवार-रविवार को ये फिल्म हर दिन 12 करोड़ के आसपास कलेक्शन कर सकती है। इस तरह से अपने पहले वीकेंड में ये फिल्म 60 करोड़ तक का कलेक्शन करने में कामयाब दिख रही है।

Previous articleप्रियंका चोपड़ा के घर पहुंचे रिश्तेदार और करीबी लोग, निक जोनस से ‘रोका’ आज
Next articleदे दे प्यार दे की शूटिंग के दौरान मिले सरप्राइज़ से हैरान हुए अजय देवगन