रणवीर सिंह और आलिया भट्ट स्टारर फिल्म गली बॉय का बॉक्स-ऑफिस पर शानदार सफर जारी है। वैलेंटाइन्स डे का फायदा लेने के लिए शुक्रवार की बजाय गुरुवार को रिलीज की गई इस फिल्म ने अपने दूसरे दिन शुक्रवार को पैर थोड़ा सा पीछे खींचा लेकिन शनिवार को यह फिर पूरी रफ्तार से दौड़ पड़ा और जबरदस्त कलेक्शन किया।


बॉक्स-ऑफिस पर रिलीज के तीसरे दिन यानी अपने पहले शनिवार को इस फिल्म ने 19 करोड़ का कलेक्शन किया। गली बॉय ने अपने पहले दिन 19.40 करोड़ का भारी-भरकम कलेक्शन किया था। दूसरे दिन शुक्रवार को इसने 13.10 करोड़ का कलेक्शन किया। इस तरह से तीन दिनों में इस फिल्म ने 54.50 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है।

बॉक्स-ऑफिस पर आज इस फिल्म का चौथा दिन है। आज इस फिल्म को 60 से 70 फीसदी की ऑकुपेंसी मिल रही है, इससे माना जा रहा है कि आज का इसका कलेक्शन 22 से 24 करोड़ के बीच रह सकता है। फिल्म को माउथ पब्लिसिटी का खूब फायदा मिल रहा है और सिम्बा के बाद रणवीर सिंह की यह लगातार दूसरी ब्लॉकबस्टर फिल्म बन सकती है।


माना जा रहा है पहले वीकेंड का इसका कलेक्शन 75 करोड़ के आसपास रह सकता है। 55 करोड़ के बजट वाली यह फिल्म अपने बजट की रिकवरी कर चुकी है और रविवार से ही मुनाफे में आ गई है। इस फिल्म का 100 करोड़ी क्लब में शामिल होना पक्का है और यह पहले हफ्ते में ही हो जाने की भी पूरी संभावना है।


फिल्म गली बॉय रणवीर सिंह मुंबई के धारावी में स्लम में रहने वाले ऐसे युवा का किरदार निभा रहे हैं जो अपनी आवाज का जादू पूरी दुनिया तक पहुंचाना चाहता है और फेमस रैपर बनना चाहता है। रणवीर के किरदार का नाम है मुराद। आलिया उनकी गर्लफ्रेंड बनी हैं। रणवीर और आलिया भट्ट के अलावा इस फिल्म में कल्कि कोचलीन और सिद्धांत चतुर्वेदी प्रमुख किरदारों में हैं। इस फिल्म का निर्देशन जोया अख्तर ने किया है जिन्होंने पहले जिंदगी मिलेगी न दोबारा और दिल धड़कने दो जैसी फिल्मों का डायरेक्शन किया था। गली बॉय में निर्देशन के लिए भी जोया की काफी तारीफें हो रही हैं। फ्रेंड्स यह फिल्म आपने भी देखी है तो कमेंट करके हमें भी बताएं कि आपको यह कैसी लगी।

Previous articleरणवीर-आलिया की फिल्म गली बॉय को दूसरे दिन लगा झटका, इतना हुआ कलेक्शन
Next articleकार्तिक आर्यन और दिशा पाटनी नई रोमांस-कॉमेडी फिल्म में साथ दिखेंगे, एक और शानदार फिल्म पक्की