अजय देवगन के साथ फिल्म दे दे प्यार दे जैसी कामयाब फिल्म देने के बाद हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में रकुल प्रीत सिंह के सितारे बुलंद है। फिल्म मरजांवा के बाद उन्हें एक और बड़ी हिंदी फिल्म मिली है जिसमें वह अर्जुन कपूर के साथ दिखाई देंगी। फिल्म पानीपत के ट्रेलर के सामने आने के बाद अर्जुन कपूर की भी काफी तारीफें हो रही हैं और उनके लिए भी रकुल के साथ नई फिल्म किसी तोहफे से कम नहीं।

किसी फिल्म में रकुल प्रीत सिंह और अर्जुन कपूर पहली बार साथ आने जा रहे हैं। इस फिल्म का नाम क्या होगा अभी यह साफ नहीं है। इस फिल्म को निखिल आडवाणी, भूषण कुमार और जॉन अब्राहम प्रोड्यूस कर रहे हैं। इससे पहले यह तीनों बाटला हाउस, सत्यमेव जयते और सत्यमेव जयते 2 जैसी फिल्मों के लिए एक साथ आ चुके हैं। फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी काश्वी नायर को दी गई है।

रकुल प्रीत सिंह और अर्जुन कपूर की फिल्म फाइनल होने के साथ ही इनका एक पोस्टर भी सामने आया है, जिसमें अर्जुन कपूर रेड जैकेट पहने दिख रहे हैं, तो वहीं रकुल प्रीत सिंह व्हाइट टॉप में काफी हॉट नजर आ रही हैं। इनके अंदाज और खबरों के मुताबिक यह फिल्म एक प्रेम कहानी होगी।

इस फिल्म के बारे में निखिल आडवाणी ने कहा कि यह एक प्रेम कहानी है जिसे अनुजा चौहान, अमितोष नागपाल और काशवी ने बहुत खूबसूरती से लिखा है। इस फिल्म को बड़े पैमाने पर पंजाब और लॉस एंजिलस में शूट किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस फिल्म में अर्जुन और रकुल बेहद अलग अंदाज में दिखेंगे, इस फिल्म के नाम और रिलीज डेट को लेकर जल्दी ही ऐलान किया जाएगा।

Previous articleफिल्म पानीपत का ट्रेलर रिलीज, संजय दत्त, अर्जुन कपूर और कृति सेनन का धमाकेदार अंदाज दिखा
Next articleअजय देवगन बनाएंगे डराने वाले सात भाइयों की बायोपिक, इस निर्देशक का मिला साथ