राजकुमार हिरानी की फिल्म संजू ने बॉक्सऑफिस पर 4 हफ्ते पूरे कर लिए हैं और आज से वो पांचवें हफ्ते में प्रवेश कर चुकी है। जिस रफ्तार से इस फिल्म ने कमाई की है वो काबिले तारीफ है। इस फिल्म ने बॉलीवुड में कामयाबी का झंडा गाड़ने वाली तमाम फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है और अब सिर्फ 4 फिल्में ऐसी हैं जो इससे आगे हैं, इनमें से दो टाईगर जिंदा है और पीके को ये इसी वीकेंड में पीछे छोड़ सकती है।
आगे बढ़ें उससे पहले जरा इस फिल्म के अब तक के कलेक्शन पर नजर डाल लीजिए। फिल्म संजू ने अपने पहले हफ्ते में 202.51 करोड़ का कलेक्शन किया। इसके बाद दूसरे हफ्ते में 92.67 करोड़ का कलेक्शन, तीसरे हफ्ते में 31.62 करोड़ का कलेक्शन और चौथे हफ्ते में 10.48 करोड़ का कलेक्शन किया। इस तरह से इस फिल्म ने अपने 4 हफ्तों में टोटल 337.28 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया है।
चार हफ्ते बाद भी इस फिल्म की कमाई बंद नहीं हुई है। चौथे हफ्ते के आखिरी दिन यानी बीते गुरुवार को इस फिल्म ने 85 लाख का कलेक्शन किया। अब इस फिल्म के सामने पांचवां वीकेंड है और इसमें ये फिल्म शनिवार और रविवार को हर दिन 1.5 करोड़ का कलेक्शन भी करती है तो पहले दिन सलमान खान की टाइगर जिंदा है और रविवार को पीके का लाइफ टाइम कलेक्शन का रिकॉर्ड पीछे छूट जाएगा।
टाइगर जिंदा है का लाइफ टाइम कलेक्शन 339.16 करोड़ और पीके का लाइफ टाइम कलेक्शन 340.80 करोड़ है। इसके बाद सिर्फ दंगल (387.38) और बाहुबली 2 (511 करोड़) ही संजू से आगे रह जाएंगी। इसका मतलब ये है कि रणबीर कपूर ज्यादा कमाई वाली फिल्म के मामले में सलमान खान से आगे निकल जाएंगे। अब वो आमिर को भी पछाड़ पाएंगे या नहीं ये देखने वाली बात होगी।

Previous articleजाह्नवी कपूर की फिल्म धड़क ने अपने पहले हफ्ते में किया शानदार कलेक्शन
Next articleदिल मेरी ना सुने… मदहोश कर देगा अनिल शर्मा की फिल्म जीनियस का ये नया गाना